5 नवंबर 2019 - 14:40
ईरान हर प्रकार की सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनें बनाने की क्षमता रखता हैः सालेही

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख डाक्टर अली अकबर सालेही ने घोषणा की है कि ईरान हर प्रकार की सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनें हर स्तर पर तैयार करने की क्षमता रखता है।

डाक्टर अली अकबर सालेही ने एक न्यूज़ कांफ़्रेंस में घोषणा की कि ईरान के पास 490 आधुनिक सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनें हैं जो 2660 सेप्रेटिव वर्क यूनिट के बराबर पैदावार की क्षमता रखती हैं।

उन्होंने कहा कि अब ईरान को नवीन सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनों की तैयारी में रिवर्स इन्जीनियरिंग की आवश्यकता नहीं है बल्कि ईरान स्वयं अपनी तकनीक से, और अपनी डिज़ाइनिंग के साथ सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनें तैयार करता है।

डाक्टर सालेही ने कहा कि ईरान के पास लगभग 5 सौ किलोग्राम, 4.2 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम मौजूद है। उन्होंने बताया कि इस मात्रा में हर दिन पांच हज़ार ग्राम की वृद्धि हो रही है।

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख ने कहा कि परमाणु तकनीक में ईरान की तेज़ रफ़्तार प्रगति जारी है। उन्होंने कहा कि ईरान में शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक में बड़ी कार्यवाहियां भी की गयी गयी हैं जिनका समय आने पर एलान किया जाएगा।

डाक्टर अली अकबर सालेही ने परमाणु समझौते से अमरीका के निकल जाने और यूरोप द्वारा वचनों के उल्लंघन का क्रम जारी रहने पर ईरान की ओर से परमाणु समझौते पर अमल के स्तर का क्रम जारी रखने का भी उल्लेख किया और कहा कि परमाणु समझौते के अनुच्छेद 26 और 36 के अनुसार, सामने वाले पक्षों की ओर से अपने दायित्वों और समझौतों पर अमल न होने की स्थिति में ईरान को यह हक़ हासिल है कि समझौते के कुछ अनुच्छेदों या सब पर अमल को रोक दे।